Showing posts with label PRD. Show all posts
Showing posts with label PRD. Show all posts

Monday, March 22, 2021

हिमाचल में जल शक्ति उपमंडलों में बनेंगे जल संरक्षण ढांचे

 On March 22, 2021

मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर ने जल दिवस के मौके पर की घोषणा

जल की गुणवत्ता जांचने और जल स्त्रोतों की सफाई के लिए चलाए जाएंगे विशेष अभियान


शिमला: 22 मार्च 2021: (देवभूमि स्क्रीन ब्यूरो)::

विश्व जल दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने आज नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जल शक्ति अभियान कैच द रेन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान ‘‘कैच द रेन, व्हेयर इट फॉल्स, वेन इट फॉल्स’’ विषय के अंतर्गत देश के सभी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में चलाया जाएगा। अभियान को 22 मार्च, 2021 से 30 नवम्बर, 2021 तक चलाया जाएगा। इस जन अभियान के अंतर्गत जन सहभागिता सुनिश्चित कर उन्हें जल संग्रहण के लिए प्रेरित किया जाएगा।

जल नमूनों की प्रयोगशाला में की जाएगी जांच

मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने जिला मंडी के सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जंजैहली के निकट कुठाह मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय जल दिवस की अध्यक्षता की। उन्होंने प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर राज्य के सभी जल शक्ति उपमंडलों में वर्षा जल संग्रहण और जल संरक्षण के लिए कम से कम एक जल संरक्षण ढांचे के निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने यह निर्णय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जल संरक्षण और वर्षा जल संग्रहण के संकल्प को पूरा करने के उद्देश्य से लिया है। उन्होंने प्रदेश के निर्वाचित प्रतिनिधियों से जल संरक्षण और वर्षा जल संग्रहण की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया। प्रदेश में जल की गुणवत्ता जांचने के लिए जून माह के पहले पखवाड़े में एक विशेष अभियान चलाया जाएगा जिसके अंतर्गत गांवों, स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के जल के नमूनों की जांच प्रयोगशाला में की जाएगी।

जल स्त्रोतों को संवारने के लिए चलाया जाएगा विशेष अभियान

मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक सभी जल स्त्रोतों की सफाई के लिए अभियान चलाया जाएगा जिसका उद्देश्य जल गुणवत्ता और जल संरक्षण को एक जन अभियान बनाना है। जल शक्ति विभाग द्वारा 25 जनवरी, 2021 जल गुणवत्ता और संरक्षण के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जो 24 जनवरी, 2022 तक जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी 3615 पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित कर गांवों के लिए कार्य योजना तैयार की जाएगी और गांव जल व सफाई समितियां गठित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने जब सत्ता संभाली थी, उस समय शिमला शहर जल की गंभीर समस्या से जूझ रहा था। सरकार ने शिमला शहर के लिए 80 करोड़ रुपये की जल आपूर्ति योजना के निर्माण का निर्णय लिया जिसे एक वर्ष के भीतर पूरा कर लिया गया।

उत्कृष्ट कार्यों के लिए स्व. रामस्वरूप शर्मा जी को सदैव किया जाएगा स्मरण

मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने कहा कि प्रदेश और विशेषकर मंडी के लोग स्वर्गीय रामस्वरूप शर्मा जी को याद रखेंगे जिन्होंने सांसद के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र के लोगों की विकासात्मक मांगों और आकांक्षाओं को सदैव महत्व दिया। उन्होंने वर्तमान प्रदेश सरकार को भरपूर सहयोग प्रदान करने के लिए क्षेत्र के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के लोगों की उदारता है कि भाजपा ने हाल ही में हुए सभी चुनावों और उप-चुनावों में जीत दर्ज की है। प्रदेश सरकार जंजैहली को राज्य के एक महत्वपूर्ण पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

एचपी वाटर बिल्ज मोबाईल ऐप का शुभारंभ

मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के लोगों के कल्याण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। प्रदेश सरकार ने 65 से 69 आयु वर्ग की सभी वृद्ध महिलाओं को 1000 रुपये वृद्धावस्था पेंशन देने का निर्णय लिया है। गरीब परिवारोें की बेटियों के विवाह के समय 31 हजार शगुन प्रदान करने के लिए शगुन योजना की शुरूआत की गई है। मुख्यमंत्री जी ने इस दौरान राज्य जल शक्ति विभाग के एचपी वाटर बिल्ज मोबाईल ऐप का भी शुभारम्भ किया जिसके माध्यम से लोग अपने फोन से पानी के बिलों का भुगतान कर सकेंगे। यह ऐप राज्य एनआईसी द्वारा विकसित की गई है और उपभोक्ताओं को डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और यूपीआई इत्यादि के माध्यम से बिल का भुगतान करने में सहायक सिद्ध होगी। यह ऐप 1 मई, 2021 से प्रदेश के लगभग 13.5 लाख उपभोक्ताओं को सुविधा प्रदान करेगी। उन्होंने इस अवसर पर लोगों को जल संरक्षण के लिए जल शपथ भी दिलाई। इस अवसर पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से उन्होंने जल संरक्षण से संबंधित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधियों और उपभोक्ताओं के साथ भी बातचीत की।

करोड़ों की लागत वाले विकास कार्यों के किए शुभारंभ

मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने जल शक्ति विभाग द्वारा आयोजित चित्रकला और नारा लेखन के विजेताओं को पुरस्कार वितरित तथा पंचायतों की महिला प्रतिनिधियों को जल परीक्षण किट वितरित किए। मुख्यमंत्री जी ने इस अवसर पर स्थानीय एनजीओ की ‘‘सराजी टी’’ भी लांच की। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने 2.78 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित लोक निर्माण विभाग सिराज के कार्यकारी अभियन्ता के कार्यालय भवन और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जंजैहली में 2.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित विज्ञान खण्ड का लोकार्पण किया। उन्होंने 4.22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जंजैहली बस अड्डे का शिलान्यास भी किया। इस असवर पर मण्डी संसदीय क्षेत्र के सांसद स्व. राम स्वरूप जी के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा गया।

प्रदेशवासियों के लिए वरदान सिद्ध हुआ जल जीवन मिशन

जल शक्ति मंत्री श्री महेन्द्र सिंह ठाकुर जी ने कहा कि जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित करने के लिए विश्वभर में विश्व जल दिवस मनाया जा रहा है। जल संरक्षण और वर्षा जल संग्रहण सुनिश्चित करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हिमाचल का संतुलित और समग्र विकास सुनिश्चित बना रही है। आमतौर पर यह परंपरा रही है कि राजनीतिक दल अपनी सरकार के कार्यकाल के आखिर में विकास में तेजी लाते थे लेकिन श्री जयराम ठाकुर जी ने अपने कार्यकाल के पहले दिन से ही विकास को प्राथमिकता प्रदान की। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन राज्य के लोगों के लिए वरदान सिद्ध हुआ है और राज्य सरकार ने इस मिशन में प्रगति की है। जल शक्ति विभाग के सचिव श्री विकास लाबरू ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

Wednesday, August 26, 2020

हिमाचल सरकार के प्रभावी प्रयास से हुआ चामुर्थी घोड़ों का संरक्षण

Tuesday: 25th August 2020
4 हजार तक पहुंच गई इन घोड़ों की संख्या
शिमला: 25 अगस्त 2020: (PRD//देवभूमि स्क्रीन)::
अपने निरंतर प्रयासों और विपरीत परिस्थितियों पर विजय हासिल करने के उपरांत प्रदेश सरकार चामुर्थी घोड़े की नस्ल के संरक्षण और पुनःस्थापन में सफल रही है। यह उन घोड़ों की नस्ल में से एक है, जिन पर कुछ साल पहले विलुप्त होने का खतरा मंडराया था। बेहतर क्षमता और बल-कौशल के लिए विख्यात चामुर्थी नस्ल के घोड़े हिमाचल के ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों, मुख्य रूप से बर्फीली स्पीति घाटी में सिंधु घाटी (हड़प्पा) सभ्यता के समय से पाए जाते हैं। यह नस्ल भारतीय घोड़ों की 6 प्रमुख नस्लों में से एक है, जो ताकत और अधिक ऊंचाई वाले बर्फ से आच्छांदित क्षेत्रों में अपने पांव जमाने की क्षमता के लिए प्रसिद्ध है। इन घोड़ों का उपयोग तिब्बत, लद्दाख और स्पीति के लोगों द्वारा युद्ध और सामान ढोने के लिए किया जाता रहा है। इसके अतिरिक्त, हिमाचल के कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर तथा पड़ोसी राज्यों में विभिन्न घरेलू और व्यावसायिक कार्यों के लिए व्यापक रूप से इनका उपयोग किया जाता रहा है।
बर्फानी घोड़ों को बचाने के लिए स्थापित किया घोड़ा प्रजनन केंद्र
पशुपालन विभाग ने इन बर्फानी घोड़ों को बचाने और संरक्षित करने तथा पुनः अस्तित्व में लाने के उद्देश्य से वर्ष 2002 में लारी (स्पीति) में एक घोड़ा प्रजनन केंद्र स्थापित किया। यह केंद्र स्पीति नदी से एक किलोमीटर की दूरी पर स्थापित किया गया है, जो राजसी गौरव और किसानों में समान रूप से लोकप्रिय घोड़ों की इस प्रतिभावान नस्ल के प्रजनन के लिए उपयोग किया जा रहा है। वर्तमान में इस प्रजनन केंद्र को तीन अलग-अलग इकाइयों में विभाजित किया गया है, जिसमें प्रत्येक इकाई में 20 घोड़ों को रखने की क्षमता और चार घोड़ों की क्षमता वाला एक स्टैलियन शेड है। इस कंेद्र को 82 बीघा और 12 बिस्वा भूमि पर चलाया जा रहा है। विभाग द्वारा इस लुप्तप्राय प्रजाति के लिए स्थानीय गांव की भूमि का उपयोग चरागाह के रूप में भी किया जा रहा है।
4 हजार तक पहुंच गई घोड़ों की संख्या
पशुपालन मंत्री श्री वीरेंद्र कंवर जी के मुताबिक प्रजनन केंद्र की स्थापना और कई वर्षों तक चलाए गए प्रजनन कार्यक्रमों के उपरांत इस शक्तिशाली विरासतीय नस्ल, जो कभी विलुप्त होने की कगार पर थी, की संख्या में निरंतर वृद्धि हुई है। वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में इनकी आबादी लगभग चार हजार हो गई है। लारी फार्म में इस प्रजाति के संरक्षण के प्रयासों के लिए आवश्यक दवाओं, मशीनों और अन्य बुनियादी सुविधाओं के अलावा पशुपालन विभाग के लगभग 25 पशु चिकित्सक और सहायक कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस केंद्र में इस नस्ल के लगभग 67 घोड़ों को पाला जा रहा है, जिनमें 23 स्टैलियन और 44 ब्रूडमेयर्स दोनों युवा और वयस्क शामिल हैं। प्रत्येक वर्ष पैदा होने वाले अधिकांश घोड़ों को पशुपालन विभाग द्वारा नीलामी के माध्यम से स्थानीय खरीदारों को बेचा जाता है।
एक व्यसक घोड़े का औसत बाजार मूल्य 40 हजार रुपए
चार-पांच वर्ष की आयु के एक व्यसक घोड़े का औसत बाजार मूल्य वर्तमान में 30-40 हजार रुपए है। इन घोड़ों की सबसे अधिक लागत तीन वर्ष पूर्व 75 हजार रुपये दर्ज की गई थी। जनसंख्या, जलवायु और चरागाह के आधार पर एक वर्ष में औसतन अधिकतम 15 मादाएं गर्भधारण करती हैं और गर्भाधान के 11-12 महीने बाद बच्चा जन्म लेता है, जबकि एक वर्ष की आयु तक उसे दूध पिलाया जाता है। प्रजनन भी पशु चिकित्सा विशेषज्ञों की निगरानी में करवाया जाता है। जन्म के एक महीने के बाद घोड़े के बच्चे को पंजीकृत किया जाता है और छह महीने की आयु में उसे दूसरे शेड में स्थानांतरित कर दिया जाता है। एक वर्ष का होने पर ही इसे बेचा जाता है। इसके अतिरिक्त विभाग द्वारा वृद्ध अथवा अधिक संख्या होने पर चामुर्थी मादाओं को बेच दिया जाता है।
इसके अलावा, घोड़े की अन्य नस्लों की देख-रेख, पालन-पोषण और उनका प्राचीन महत्व पुनः स्थापित करने के लिए विभाग द्वारा इस केंद्र पर प्रति वर्ष लगभग 35 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। स्टैलियन घोड़ों के संरक्षण के मामले में हिमाचल प्रदेश का स्टैलियन चार्ट में अग्रणी स्थान है और निरन्तर गुणात्मक घोड़ों के उत्पादन में सफलता हासिल की है। प्रदेश की सफलता और चामुर्थी प्रजाति की लोकप्रियता का अंदाजा अंतरराष्ट्रीय लवी, लदारचा मेलों और समय-समय पर आयोजित होने वाली प्रदर्शनियों के दौरान प्राप्त किए गए विभिन्न पुरस्कारों से लगाया जा सकता है।

Friday, May 1, 2020

आयुर्वेद विभाग द्वारा विशेष काढ़ा तैयार

रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने किया शुभारम्भ 
शिमला में आयुर्वेद काढ़ा लांच करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 
शिमला: 1 मई 2020: (देवभूमि स्क्रीन ब्यूरो)::
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां कोरोना महामारी के दृष्टिगत लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए राज्य आयुर्वेदिक विभाग द्वारा तैयार किए गए मधुयष्टियादि कषाय (काढ़ा) का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर बोलते हुए, मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयुर्वेदिक काढ़ा प्रतिरक्षण तंत्र को मजबूत करने में सहायक होगा तथा इसे कोरोना योद्धाओं डाॅक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ, पुलिस, वरिष्ठ नागरिकों और राज्य के सभी कोरोना मुक्त हुए लोगों को निःशुल्क प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बजट 2020-21 में की गई घोषणा के अनुसार, यह आयुर्वेदिक दवा राज्य के सभी वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना योद्धाओं को आयुर्वेदिक दवा मधुयष्टियादि कषाय (काढ़ा) निःशुल्क प्रदान करना, उनकी निःस्वार्थ सेवा के प्रति सरकार के आभार का द्योतक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने राष्ट्र के नाम अपने संबोधन और ‘मन की बात’ कार्यक्रम के दौरान भी लोगों को शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए आयुष मंत्रालय के दिशानिर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों और कोरोना योद्धाओं को संक्रमण का ज्यादा खतरा हैं, इसलिए आयुर्वेदिक विभाग की यह दवा इनकी प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों को इस दवा को निःशुल्क उपलब्ध करवाएगी, इसके साथ-साथ उन्हें सभी आयुर्वेदिक दवाएं भी निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने इस दवा को डाॅक्टरों और पुलिस कर्मियों सहित अन्य कोरोना योद्धाओं को वितरित भी किया।

सचिव आयुर्वेद जी.के. श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर उन्हें आश्वस्त किया कि विभाग इस दवा को लोगों को पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध करवाएगा।

मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुंडू, निदेशक आयुर्वेद डी.के. रतन और अन्य अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Friday, April 24, 2020

हिमाचल को अधिक से अधिक वेंटिलेटर्ज प्रदान किये जाएं

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने किया केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से आग्रह
मुख्यमंत्री श्री जय राम ठाकुर ने आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के ज़रिये स्वास्थ्य और परिवार भलाई के केन्द्रीय मंत्री डा. हर्ष वर्धन के साथ भेंट की (शुक्रवार 24 अप्रैल 2020)
शिमला: 24 अप्रैल 2020: (मीडिया लिंक//देवभूमि स्क्रीन):: 
कोविड-19 अर्थात कोरोना के साथ चल रही विश्व जंग में भारत का राज्य हिमाचल प्रदेश भी पूरी तीव्रता से डटा हुआ है। जगह जगह इस मुद्दे को लेकर कई तरह के कदम उठाये जा रहे हैं। आज मुख्य मंत्री श्री जय राम ठाकुर ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के ज़रिये स्वास्थ्य और परिवार भलाई से सबंधित केंद्रीय मंत्री डा. हर्ष वर्धन के साथ भी विशेष भेंट की। इस वीडियो मीटिंग के दौरान जिन जिन मुद्दों पर बात हुई उनमें कोरोना के साथ लड़ी जा रही जंग का मुद्दा भी शामिल रहा। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्रालय से राज्य को तुरंत अधिक से अधिक वेंटिलेटर्ज प्रदान करने का आग्रह किया। 
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां वीडियो काॅन्फ्रेंस के माध्यम से केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डाॅ. हर्ष वर्धन के साथ बैठक करते हुए उन्हें प्रदेश में कोरोना वायरस महामारी से प्रभावी रूप से निपटने के लिए उठाए जा रहे विभिन्न कदमों के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के छह जिलों में कोविड-19 का एक भी मामला सामने नहीं आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अभी तक 8847 लोगांे को निगरानी में रखा गया है, जिनमें से 5637 लोगों ने 28 दिन की अनिवार्य निगरानी अवधि को पूरा कर लिया है तथा 3210 व्यक्ति अभी भी निगरानी में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गत वीरवार तक कोरोना संक्रमण के लिए 3994 लोगों की जांच की गई है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि अभी तक 40 सैंपल पाॅजिटिव पाए गए हैं, जिनमें से 18 व्यक्ति नेगेटिव पाए जाने के बाद स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। इसके अतिरिक्त चार लोग प्रदेश से बाहर उपचाराधीन हैं एवं एक व्यक्ति का देहांत हो चुका है। उन्होंने कहा कि शेष 17 व्यक्ति प्रदेश के अस्पतालों में उपचाराधीन है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कफ्र्यू लगाया गया है, ताकि लोग अनावश्यक रूप से बाजारों में न जाएं। लोगों को कोरोना वायरस के संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोरोना वायरस के हाॅटस्पाॅट सील कर दिए गए हैं, ताकि संक्रमण आगे न फैल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के 183 स्वास्थ्य संस्थानों में लगभग 9200 क्वारन्टीन बिस्तरों की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में पीपीई किट तथा मास्क उपलब्ध है। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए प्रदेश को अधिक वेंटिलेटर्ज प्रदान करने का आग्रह किया।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में चार अस्पतालों में कोविड-19 के संेपल की जांच की जा रही है, जिनमें आईजीएमसी शिमला, डाॅ. राजेन्द्र प्रसाद राजकीय मेडिकल काॅलेज टांडा, आईएचबीटी पालमपुर कांगड़ा तथा जिला सोलन के केंद्रीय अनुसंधान संस्थान कसौली शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य में कोविड-19 के लिए पांच अस्पतालों को अधिसूचित किया है, जिनमें 300 बिस्तरों की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि इन अस्पतालों में जिला मण्डी का श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल काॅलेज नेरचैक, जिला सोलन के काठा बद्दी का ईएसआई अस्पताल, जिला हमीरपुर के भोटा का चैरिटेबल अस्पताल, जिला सिरमौर के सराहां का नागरिक अस्पताल तथा जिला कांगड़ा के ज्वालामुखी का अग्रवाल अस्पताल शामिल है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में आरंभ एक्टिव केस फाइन्डिंग अभियान के तहत 70 लाख से अधिक लोगों को कवर किया गया है तथा इनमें से लगभग 10 हजार लोगों की जांच की जा रही है, जिनमें इन्फ्लुएंजा जैसी बीमारी (आईएलआई) के लक्षण पाए गए थे।
शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज तथा मुख्यमंत्री के राजनैतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल भी इस बैठक में उपस्थित थे।

Monday, January 6, 2020

मुख्यमंत्री ने किया राज्य वन विकास निगम के कैलेंडर का विमोचन

हिमाचल प्रदेश में बहुत अहम भूमिका है वन विकास निगम की 
किन्नौर: 6 जनवरी 2020: (देवभूमि स्क्रीन ब्यूरो):: 
कैलेंडर हमारी ज़िंदगी के संचालन में बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।  इस लिए क्रीं सब्जी सरकारें, सभी विभाग और सभी संगठन हर वर्ष अपना अपना कैलंडर प्रकाशित करते हैं। इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए हिमाचल प्रदेश के वन विकास निगम ने भी अपना कैलेंडर प्रकाशित किया है। 
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां हिमाचल प्रदेश राज्य वन विकास निगम के कैलेंडर-2020 का विमोचन किया। यह बहुत ही सुंदर छपाई में छपा है और इसमें विभाग से सबंधित बहुत सी सूचनाएं हैं। कैलंडर रिलीज़ के इस मौके पर निगम के उपाध्यक्ष सूरत नेगी व अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Friday, December 20, 2019

यमुना का पानी बेचने के लिए हिमाचल और दिल्ली के बीच करार

दोनों ने किये हस्ताक्षर:हिमाचल को यमुना के पानी का तीसरा हिस्सा 
नई दिल्ली: 20 दिसंबर 2019: (देवभूमि स्क्रीन ब्यूरो)::
साभार तस्वीर 
हिमाचल प्रदेश के यमुना नदी के हिस्से का पानी दिल्ली सरकार को बेचने के सन्दर्भ में आज नई दिल्ली में दोनों राज्यों के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
समझौता ज्ञापन पर प्रदेश के सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के सचिव डाॅ. आर.एन. बत्ता और दिल्ली सरकार की प्रधान सचिव मनीषा सक्सेना ने हस्ताक्षर किए।
डाॅ. बत्ता ने बताया कि 1994 में दोनों राज्यों के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन के मुताबिक हिमाचल प्रदेश को यमुना के पानी का तीन प्रतिशत हिस्सा मिला है, लेकिन वर्ष 1994 से इस पर कोई दावा नहीं किया गया है। दिल्ली सरकार के आग्रह पर हिमाचल प्रदेश मंत्रिमण्डल ने हाल ही में यमुना के पानी का अपना हिस्सा दिल्ली को बेचने का निर्णय लिया था। इसके परिणामस्वरूप हिमाचल सरकार को सालाना 21 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे।
उन्होंने कहा कि देश में यह पहली बार है कि दो राज्यों के बीच इस प्रकार का समझौता हुआ है।

Wednesday, December 18, 2019

शिमला के नव निर्वाचित महापौर व उप महापौर ने मुख्यमंत्री से की भेंट

शिमला देश में सबसे पुरानी नगरपालिकाओं में से एक
शिमला: 18 दिसंबर 2019: (देवभूमि स्क्रीन ब्यूरो)::
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने नगर निगम शिमला की नव निर्वाचित महापौर सत्या कौंडल और उप महापौर शैलेन्द्र चैहान को बधाई देते हुए कहा कि सभी पार्षदों को शिमला शहर के वैभव को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्धता व निष्ठाभाव से कार्य करना चाहिए।
महापौर व उप महापौर ने मुख्यमंत्री से आज उनके सरकारी आवास ओक ओवर में भेंट की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम शिमला देश में सबसे पुरानी नगरपालिकाओं में से एक है और इसका वैभवशाली इतिहास है। उन्होंने कहा कि शिमला शहर को साफ-सुथरा बनाए रखना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर को पाॅलीथीन मुक्त बनाने के लिए हर सम्भव प्रयास किए जाने चाहिए। शहर के विकास के लिए सभी पार्षदों को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने भी नव निर्वाचित महापौर व उप महापौर को बधाई दी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, चीफ व्हिप नरेंद्र बरागटा, विधायक बलवीर वर्मा, नगर निगम के पार्षद व भाजपा के वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे।

Thursday, December 5, 2019

पुलिस आरक्षियों के एक हजार रिक्त पद भरे जाएंगेः मुख्यमंत्री


पुलिस कर्मियों को सेवानिवृत्ति से तीन माह पूर्व एक पदोन्नति
शिमला: 2 दिसंबर 2019: (देवभूमि स्क्रीन ब्यूरो//पीआरडी)::
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज रिज मैदान में हिमाचल प्रदेश पुलिस स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रदेश में शांतिपूर्ण तथा सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रदेश पुलिस जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रही है तथा प्रदेश को अपनी मूल्यावान सेवाएं प्रदान कर रही है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य है जिसने आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को लागू किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग को बेहतर प्रदर्शन तथा कुशल बनाने के लिए आधुनिक सूचना साधन उपलब्ध किए है। प्रदेश सरकार ने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से गुड़िया हेल्पलाइन 1515 और शक्ति बटन ऐप को आरम्भ किया है। उन्होंने पुलिस विभाग से प्रदेश में नशे से सम्बन्धित गतिविधियों पर निगरानी रखने कहा ताकि युवाओं को नशे से बचाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार निरंतर पुलिस विभाग को सुदृढ़ कर रही है। उन्होंने एक हजार पुलिस कर्मियों के रिक्त पद भरने करने की घोषणा की। उन्होंने पुलिस विभाग की मांग के अनुरूप सेवानिवृत्ति से तीन माह पूर्व पुलिस कर्मियों को एक पदोन्नति देने की भी घोषणा की। उन्होंने हिमाचल पुलिस की 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य पर सभी पुलिस कर्मियों को विशेष मेडल देने की घोषणा की।

इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर महिला पुलिस बल की टुकड़ी को मार्चपास्ट में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए पुरस्कृत किया तथा अन्य प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया।

पुलिस महानिदेशक एस.आर. मरड़ी ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री तथा अन्य उपस्थित गणमान्यों का स्वागत किया तथा पुलिस विभाग द्वारा प्रदेश में आयोजित की गई प्रमुख गतिविधियांे व कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर पुलिस जवानों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।

शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, महापौर कुसुम सदरेट, हिमफेड के अध्यक्ष गणेश दत्त, मुख्य सचिव डाॅ. श्रीकांत बाल्दी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुंडू, हिमाचल प्रदेश पुलिस के पूर्व महानिदेशक आई.बी. नेगी और आर.आर. वर्मा, नागालैंड के पूर्व राज्यपाल एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक अश्वनी कुमार और पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Friday, November 22, 2019

रोहतांग टनल के कार्य में तेजी लाने का आग्रह

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने की रक्षा मंत्री से भेंट 


नई दिल्ली: 22 नवंबर 2019: (देवभूमि स्क्रीन)::

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज नई दिल्ली में केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की तथा उनसे रोहतांग टनल के कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया ताकि जनजातीय जिले लाहौल-स्पिति के लिए बर्फवारी के दौरान भी उचित सम्पर्क सुविधा सुनिश्चित की जा सके। राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया है कि मई, 2020 तक इस टनल का निर्माण कार्य पूरा करके इसे आरम्भ करने के सभी प्रयास किए जाएंगे। 
मुख्यमंत्री ने लाहौल-स्पिति के लोगों के फिलहाल रोहतांग टनल से आवाजाही के लिए सड़क मार्ग के रूप में टनल का उपयोग करने की अनुमति प्रदान करने का भी आग्रह किया, क्योंकि प्रशासन द्वारा लाहौल-स्पिति सड़क मार्ग को अधिकारिक रूप से भारी बर्फवारी के कारण बंद कर दिया जाता है, जिसके कारण घाटी का शेष भाग से सम्पर्क टूट जाता है। 
उन्होंने बीआरओ के अधीन सड़कों की हालत सुधारने का भी आग्रह किया तथा उनसे सीमा क्षेत्र की सड़कों के लिए जरूरत के अनुसार धनराशि उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। केन्द्रीय मंत्री ने राज्य को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। रक्षा मंत्री ने प्रदेश में निवेश को आकर्षित करने के लिए आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर मीट के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की।

Thursday, November 21, 2019

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने की केंद्रीय मंत्री से भेंट

सुश्री निर्मला सीतारमण ने दिया हर सम्भव सहयोग का आश्वासन
नई दिल्ली: 21 नवंबर 2019: (देवभूमि स्क्रीन)::
हिमाचल सरकार प्रदेश के विकास को लेकर निरंतर प्रयासशील है। इस मकसद के लिए जहां यह सरकार अपने बलबूते पर कोशिशें करती है वहीँ केंद्र सरकार से मिलने वाली सहायता और सहयोग को लेकर भी यह सरकार सक्रिय है। आज गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के मुख्य मंत्री जय राम ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण से भेंट की और उन्हें अपनी मुश्किलें भी बतायीं। केंद्रीय मंत्री ने उन्हें पूरे ध्यान से सुना और उचित कदम उठाने का आश्वासन भी दिया।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज नई दिल्ली में केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भेंट की।
उन्होंने केन्द्रीय मंत्री से आग्रह किया कि केन्द्र सरकार को सौंपी गई राज्य सरकार की बाह्य सहायता प्राप्त परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए। उन्होंने शिमला, मनाली, धर्मशाला रज्जू मार्गों, ओवर हैड परिवहन प्रणाली पयोजनाओं और वन प्रबन्धन आदि योजनाओं पर केन्द्रीय मंत्री से चर्चा की, जिन्हें केन्द्र सरकार को भेजा गया है।
निर्मला सीतारमण ने आश्वासन दिया कि हिमाचल सरकार की सभी परियोजनाओं का उनका मंत्रालय हर सम्भव सहयोग प्रदान करेगा।
वित्त मामलों के केन्द्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी इस चर्चा में भाग लिया। मुख्य सचिव डाॅ. श्रीकान्त बाल्दी ने विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी। अतिरिक्त मुख्य सचिव अनिल खाची भी बैठक में उपस्थित थे।


Monday, November 18, 2019

भारतीय संस्कृति वैज्ञानिक पहुंच पर आधारित--दलाईलामा

राज्यपाल ने धर्मशाला में दलाई लामा से भेंट की

धर्मशाला: 18 नवंबर 2019: (देवभूमि स्क्रीन ब्यूरो)::

राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने आज धर्मशाला में दलाई लामा के तिब्बतियों के आध्यात्मिक धर्मगुरू से मुलाकात की। बैठक में दलाई लामा ने भारत की प्राचीन संस्कृति, परंपरा, गौरवशाली इतिहास, विशेष रूप से हिमाचली लोगों से उनकी सुविधा पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि भारत में अपने लगभग 60 वर्षों के निर्वासन के दौरान, उन्होंने दुनिया के कई देशों का दौरा किया है, परन्तु वह भारत की प्राचीन परंपरा और अहिंसा और करुणा के संदेश से वह बहुत प्रभावित हैं, जिसकी आज दुनिया को सबसे ज्यादा जरूरत है।

दलाई लामा ने कहा कि कोई भी व्यक्ति, किसी भी धार्मिक विश्वास के बावजूद, अहिंसा और करुणा के संदेश का पालन करके जीवन में खुश रह सकता है। उन्होंने कहा कि प्राचीन भारतीय ज्ञान मानसिक शांति प्रदान करने में सहायक है। इसलिए, प्राचीन भारतीय संस्कृति को आधुनिक ज्ञान के साथ जोड़ना महत्वपूर्ण है ताकि बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकें।

दलाई लामा ने कहा कि वह इस दिशा में प्रयास कर रहे हैं और उन्होंने राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में छः महीने का सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया है, जो प्राचीन भारतीय ज्ञान, आध्यात्मिकता और भारतीय दर्शन पर आधारित है। उन्होंने कहा कि भविष्य में शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण का एक कार्यक्रम भी शुरू किया जाएगा ताकि भविष्य की पीढ़ियों तक इस सोच को बढ़ावा दिया जा सके।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति वैज्ञानिक पहुंच पर आधारित है। उन्होंने भारत को गुरू और तिब्बत को भारत का श्रेष्ठ अनुयायी बताया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में रह रहे निर्वासित तिब्बती समुदाय का हिमाचल के लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण सम्बन्ध है और उन्होंने भी हिमाचल के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी यह मजबूत सम्बन्ध बने रहें।

राज्यपाल ने देशभर में रह रहे तिब्बती समुदाय के कल्याण और विकास की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विशेषकर उत्तर व दक्षिण भारत में तिब्बती-बौद्ध पढ़ाई के प्रतिष्ठित संस्थानों की जानकारी ली।

उन्होंने समस्त भारत में रहने वाले तिब्बती समुदाय को शुभकानाएं देते हुए उन्हें बेहतर जीवन, शिक्षा और अन्य सभी सुविधाएं प्रदान करने का आश्वासन दिया।

राज्यपाल ने तिब्बती संसदीय सचिवालय का भी दौरा किया और अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष से भेंट की।

इससे पूर्व, केन्द्रीय तिब्बती प्रशासन (सी.टी.ए.) के कार्यवाहक अध्यक्ष कालोन वेन कर्मा गैलेक यूथोक, ने काशग-तिब्बती मंत्रिमण्डल में राज्यपाल का स्वागत किया।

कार्यवाहक अध्यक्ष कालोन वेन कर्मा गैलेक यूथोक, गृह विभाग के कालोन सोनम टोपगयाल खोरलासांग, वित्त विभाग के कालोन फागपा, रक्षा विभाग के फागपा सेरिग लबरांग, स्वास्थ्य विभाग के कालोन चैयकयोंग वांगचुक, काशग के सचिव सेज्ञाल चुकया द्रानयी,  शिमला में तिब्बती के मुख्य प्रतिनिधि तेनजिन नोरगु और धर्मशाला के बन्दोबस्त अधिकारी ने सी.टी.ए. मुख्यालय में राज्यपाल का स्वागत किया।

इस अवसर पर, धर्म और संस्कृति विभाग के कलोन वेन कर्मा गिलेक युथोक ने राज्यपाल को सम्मानित किया।

कालोन की परिषद ने राज्यपाल को सी.टी.ए. के सुदृढ़ प्रशासन और पूरे भारत, नेपाल और भूटान में एक लाख से अधिक तिब्बती प्रशासन और सरकार के बारे में अवगत कराया और भारत सरकार तथा हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा केंद्रीय तिब्बती प्रशासन और तिब्बत सरकार को दिए जा रहे समर्थन के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी।