Monday, September 27, 2021

15 अक्टूबर को होगा ‘‘अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा’’ का शुभारम्भ

27th October 2021 at 07:15 PM

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई राज्यस्तरीय कुल्लू दशहरा समिति की बैठक


कुल्लू
: 27 सितंबर 2021: (देवभूमि स्क्रीन ब्यूरो):: 

अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के आयोजन से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा के लिए राज्यस्तरीय कुल्लू दशहरा समिति की बैठक आज मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस वर्ष अन्तर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा 15 से 21 अक्टूबर, 2021 तक आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री जी ने दशहरा उत्सव के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने उत्सव के दौरान उचित सुरक्षा व्यवस्था व निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा कोविड-19 महामारी से सुरक्षा के लिए समय-समय पर जारी विभिन्न दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी ने कहा कि मेले व त्योहार हमारी संस्कृति के द्योतक हैं। इनका संरक्षण एवं सवंर्धन सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार कृतसंकल्प है और इस दिशा में समय-समय पर विभिन्न कदम उठाए गए हैं। कुल्लू दशहरा की प्रदेश ही नहीं बल्कि विश्व में एक अलग पहचान है। यह हमारी धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वैश्विक कोरोना महामारी ने सम्पूर्ण विश्व को प्रभावित किया है। इससे सामान्य जन-जीवन ही नहीं बल्कि विभिन्न गतिविधियों, मेलों, त्योहरों और अन्य आयोजनों को भी प्रभावित किया है।

शिक्षा, भाषा, कला एवं संस्कृति मंत्री श्री गोविन्द सिंह ठाकुर जी ने दशहरा उत्सव आयोजन संबंधी जिला स्तरीय समिति तथा जिला कारदार संघ के साथ आयोजित बैठकों की जानकारी दी। उन्होंने उत्सव के आयोजन से सम्बन्धित विभिन्न सुझाव दिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि दशहरा उत्सव में आने के लिए सभी देवी-देवताओं को निमंत्रण दिया जाएगा। उत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठान परंपरागत ढंग से आयोजित होंगे लेकिन इस वर्ष मेले में सांस्कृतिक तथा व्यावसायिक गतिविधियां नहीं होंगी। मेले के शुभारंभ अवसर पर राज्यपाल श्री राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेेकर जी और समापन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी मुख्य अतिथि होंगे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया है कि भाषा एवं संस्कृति विभाग मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि जिला प्रशासन कुल्लू को प्रदान करेगा।


Thursday, September 23, 2021

राज्यपाल को गुरमीत बेदी ने अपनी साहित्यिक कृतियां भेंट की

 Thursday 23rd September 2021 at 02:53 PM

 हिंदी के जानेमाने साहित्यकार हैं गुरमीत बेदी 


शिमला
: 23 सितम्बर 2021: (देवभूमि स्क्रीन ब्यूरो)::

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को गत सायं चंडीगढ़ में हिमाचल प्रदेश सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के उप-निदेशक एवं कवि गुरमीत बेदी ने अपनी साहित्यिक कृतियां भेंट की।

इस अवसर पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने लेखक के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार साहित्य, कला, संस्कृति के संरक्षण व संवर्द्धन के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश में लेखकों व कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक मंच प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि प्रदेश के लेखक व साहित्यकार निरंतर सृजनात्मक कार्य कर रहे हैं।

राज्यपाल ने गुरमीत बेदी द्वारा साहित्य की हर विधा में लेखन करके राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पुरस्कार हासिल करने के लिए उन्हें बधाई दी और आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी अपनी लेखनी से साहित्य जगत को समृद्ध करते रहेंगे।

हिमाचल साहित्य अकादमी से पुरस्कृत गुरमीत बेदी ने अपने 38 साल के लेखकीय सफर में 3 उपन्यास, 2 कहानी संग्रह, 2 कविता संग्रह, 3 व्यंग्य संग्रह व 2 शोध पुस्तकें लिखी हैं। उन्होंने कई साहित्यिक पुस्तकों व पत्रिकाओं का संपादन भी किया है। उनकी पुस्तकें विश्व पुस्तक मेले का हिस्सा भी बन चुकी हैं। उनके कविता संग्रह ‘मेरी ही कोई आकृति’ व कहानी संग्रह ‘सूखे पत्तों का राग’ का जर्मन भाषा  में अनुवाद हुआ है। गुरमीत बेदी जर्मनी व माॅरीशस में आयोजित वल्र्ड पोएट्री फेस्टिवल में भी भाग ले चुके हैं और उन्हें देश-विदेश के कई प्रमुख पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।

गुरमीत बेदी के पहले  कविता संग्रह ‘मौसम का तकाजा’ के लिए  उन्हें  हिमाचल साहित्य अकादमी अवार्ड व कहानी संग्रह ‘कुहासे में एक चेहरा’ के लिए   पंजाब कला साहित्य अकादमी अवार्ड भी मिल चुका है। गुरमीत बेदी को व्यंग्य लेखन के लिए कनाडा का विरसा अवार्ड और प्रतिष्ठित ‘व्यंग्य यात्रा’ सम्मान भी मिला है।  दिल्ली के हिंदी भवन में उन्हें लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है। गुरमीत बेदी के उपन्यास ‘खिला रहेगा इंद्रधनुष’ पर एक टेलीफिल्म भी बन रही है।    

Friday, September 17, 2021

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के सम्मान में विशेष आयोजन

 17th September 2021 at 09:18 PM

 लोक सांस्कृतिक दलों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं 


शिमला
: 17 सितम्बर 2021: (देवभूमि स्क्रीन ब्यूरो):: 

महामहिम राष्ट्रपति जब हिमाचल में पहुंचे तो उनके स्वागत में सारा हिमाचल श्रद्धा से नतमस्तक हो गया। जगह जगह स्वागत का उत्साह दिखा। सभी में एक ख़ुशी की लहर नज़र आई।राष्ट्रपति के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात्रि भोज का आयोजन भी किया गया। 

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के सम्मान में आज यहां राजभवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम और रात्रि भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश की प्रथम महिला सविता कोविंद और उनकी सुपुत्री कुमारी स्वाति भी उपस्थित थीं। उनकी मौजूदगी सभी प्रसन्न थे। 

इस मौके पर राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर तथा हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रवि मलिमथ ने राष्ट्रपति का राजभवन पहुंचने पर स्वागत किया। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश ने उच्च न्यायालय के न्यायधीशों का राष्ट्रपति से परिचय करवाया।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, केंद्रीय युवा सेवाएं एवं खेल तथा सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, मंत्रिमण्डल के अन्य सदस्यगण तथा गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

इस अवसर पर, भाषा, कला एवं संस्कृतिक विभाग के लोक सांस्कृतिक दलों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। 

Monday, September 13, 2021

जनमंच में 1609 शिकायतें व मांगें प्राप्त हुईं

12th September 2021 at 7:44 PM

अधिकांश मामलों का किया गया मौके पर निपटारा


शिमला:12 सितम्बर 2021: (देवभूमि स्क्रीन ब्यूरो)::

हिमाचल प्रदेश में जनमंच का आयोजन बेहद लोकप्रिय हुआ था लेकिन फिर कुछ कारणों से इसे नियमित नहीं रखा जा सका। अब काफी अंतराल के बाद इसका सिलसिला फिर से शुरू हुआ। आज प्रदेश के 11 जि़लों के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनमंच प्रोग्राम आयोजित किए गए। इन जनमंच आयोजनों में 1609 शिकायतें व मांगें प्राप्त हुई, जिनमें से अधिकांश मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया। प्रशासन द्वारा जनमंच के दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपायों का सख्ती से पालन किया गया।

पहले करते हैं जिला मण्डी की बात:

जल शक्ति मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर ने जिला मण्डी के करसोग में आयोजित जनमंच कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में कई कल्याणकारी योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं और विभागीय अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि इन कार्यक्रमों और योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों को मिले। 

जनमंच के दौरान कुल 146 जन शिकायतें प्राप्त हुई, जिनका जल शक्ति, बागवानी, राजस्व व सैनिक कल्याण मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर ही निपटारा कर दिया। इसके अलावा कुल 186 मांगे भी प्राप्त हुईं जिन्हे आगामी निपटारे के लिए संबंधित विभागों को सौंप दिया गया।

बेटी है अनमोल योजना तथा हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के लाभार्थियों को बांटी एफडीआर व गैस कनेक्शन जन मंच के दौरान जल शक्ति मंत्री ने बेटी है अनमोल योजना के अंतर्गत बीपीएल परिवारों की पांच लाभार्थी बेटियों जिनमें सेरटी की तान्या, कोट की वैष्णवी, भनाच की पल्लवी ठाकुर, लोअर करसोग की परिधि तथा सानना गांव की अमायरा सिंह शामिल है को 12-12 हजार रूपये की एफडीआर वितरित कीं। जबकि हिमाचल गृहिणी सुविधा योजना के अंतर्गत सात लाभार्थियों को एलपीजी गैस कनेक्शन भी वितरित किये।

प्री जनमंच की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए एसडीएम करसोग सन्नी शर्मा ने बताया कि इस दौरान लाभान्वित 13 ग्राम पंचायतों में से कुल 59 जन शिकायतें प्राप्त हुईं। साथ ही राजस्व विभाग से जुड़े विभिन्न तरह के 981 प्रमाणपत्र जारी किये गए तथा 145 म्यूटेशन अनुप्रमाणित की गईं। इस बीच 51 एफिडेविट, 65 आधार अपडेशेन, आठ निसानदेही तथा 378 विभिन्न तरह के फार्म को अनुप्रमाणित भी किया गया।

प्री-जनमंच के दौरान ही 60 मृदा स्वास्थ्य कार्ड तथा 211 उद्यान कार्ड भी बनाए गए। पशुपालन विभाग के माध्यम से 142 पशुओं का पंजीकरण किया गया तथा 2 स्वास्थ्य शिविर भी लगाए। इसी दौरान विभिन्न विभागों के माध्यम से 37 साईट्स का भी निरीक्षण किया गया। इस बीच 111 विभिन्न मांगे भी प्राप्त हुईं।

इस अवसर पर करसोग के विधायक हीरा लाल, सुंदरनगर संगठनात्मक जिलाध्यक्ष दिलीप ठाकुर, कुंदन ठाकुर, युवराज, रतन, चेतन गुलेरिया, सीमा ठाकुर, उपायुक्त अरिंदम चैधरी, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री, अतिरिक्त उपायुक्त जतिन लाल, एसडीएम सन्नी शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।

Sunday, September 12, 2021

एस.सी.वी.टी. पी.टी.आई. संघ मण्डी के प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री से की भेंट

12th September 2021 at 5:40 PM

संघ ने अपनी विभिन्न मांगों से मुख्यमंत्री को अवगत करवाया


शिमला
: 12 सितम्बर 2021: (देवभूमि स्क्रीन ब्यूरो):: 

हर क्षेत्र  वर्गों की समस्याएं होती हैं सो पी टी आई संघ से जुड़े लोगों की कई समस्याएं हैं। इन मुद्दों को लेकर इनका प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर से मिला। एस.सी.वी.टी. पी.टी.आई. संघ मण्डी के प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्यमंत्री से भेंट क्र के अपनी सभी मुश्किलें उन्हें बतायीं। 
एस.सी.वी.टी. पी.टी.आई. संघ, मण्डी के एक प्रतिनिधिमण्डल का नेतृत्व  संघ के अध्यक्ष पप्पू भाटिया ने किया। इस शिष्टमंडल ने आज ओक ओवर शिमला में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से भेंट की और उन्हें संघ की विभिन्न मांगों से अवगत करवाया। यह भेंट बहुत ही सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। 
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमण्डल को आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। इस आश्वासन से इन सभी लोगों को काफी संतोष हुआ। 

राज्य में प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना के तहत 18603 महिलाएं लाभान्वित

 12th September 2021 at 1:31 PM

लाभार्थियों को तीन किश्तों में 5000 रुपये की प्रोत्साहन राशि

शिमला: 12 सितंबर 2021: (देवभूमि स्क्रीन ब्यूरो):: 
राज्य सरकार ने बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के लिए पोषण में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं आरम्भ की हैं। राज्य सरकार ने गर्भवती महिलाओं और स्तनपान करवाने वाली माताओं में कुपोषण की समस्या के समाधान को उच्च प्राथमिकता देते हुए राज्य में प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना आरम्भ की है। यह योजना महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा क्रियान्वित की जा रही है।
इस योजना के तहत पात्र गर्भवती महिलाओं और स्तनपान करवाने वाली माताओं को पहले बच्चे जन्म पर मातृत्व सुविधा प्रदान की जा रही है। शर्तों को पूरा करने वाली पात्र लाभार्थियों को तीन किश्तों में 5000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है।
राज्य में प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना के तहत एक लाख 96 हजार 491 लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया है। वर्ष 2017 में इस योजना के आरम्भ से अब तक लाभार्थियों के बैंक खातों में 82.59 करोड़ रुपये जमा किए गए हैं। वर्ष 2021-22 में अब तक लगभग 18603 लाभार्थियों का पंजीकरण किया जा चुका है और इन लाभार्थियों के बैंक खातों में छः करोड़ 10 लाख 32 हजार रुपये जमा किए गए हैं।
राज्य सरकार ने गर्भवती महिलाओं और स्तनपान करवाने वाली माताओं की पोषण संबंधी आवश्कताओं के दृष्टिगत वेतन कटौती की स्थिति में आंशिक मुआवजा और स्वास्थ्य सुधार के लिए प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित किया है। योजना के तहत जिला शिमला में सात करोड़ 87 लाख 75 हजार रुपये और जिला सोलन में 16,440 पात्र महिलाओं को छः करोड़ 40 लाख रुपये व्यय कर लाभान्वित किया गया हैै। योजना के क्रियान्वयन से अब तक जिला कांगड़ा में लगभग 21 करोड़ रुपये व्यय कर 47 हजार पात्र महिलाओं को लाभान्वित किया जा चुका है।
एकीकृत बाल विकास सेवाएं योजना के तहत क्रियान्वित की जा रही प्रधानमंत्री मातृ वन्दना योजना का लक्ष्य देश में महिलाओं और बच्चों में कुपोषण की समस्या का समाधान करना है।
केन्द्र सरकार, राज्य सरकार, निजी क्षेत्र की इकाइयों या इसी प्रकार की अन्य योजनाओं का लाभ प्राप्त करने वाली महिलाओं को छोड़कर अन्य सभी गर्भवती महिलाएं और स्तनपान करवाने वाली माताओं को इस योजना में शामिल किया गया है।