Monday, October 31, 2022

सरदार पटेल की 146वीं जयंती पर शिमला में विशेष आयोजन

 31st October 2022 at 4:44 PM

संकल्प रंगमंडल ने नुक्कड़ नाटक से गिनाई उपलब्धियां

शिमला: 31 अक्टूबर 2022: (पलटु राम//देवभूमि स्क्रीन ब्यूरो)::

संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार तथा राष्ट्रीय संगीत नाटक अकादमी नई दिल्ली के सौजन्य से हिमाचल प्रदेश की अग्रणी नाट्य संस्था संकल्प रंगमंडल शिमला ने 31 अक्तूबर 2022 को सरदार वल्लभ भाई पटेल की 146वी जयंती के विशेष अवसर पर शिमला के दो प्रतिष्ठित स्थानों सेंट थॉमस स्कूल, शिमला व ऐतिहासिक गेयटी थिएटर के मुक्ताकाशी रंगशाला में अपने नुक्कड़ नाटक 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' का मंचन करने किया।

उल्लेखनीय है कि 31 अक्टूबर को भारत के पहले उप प्रधान मंत्री और गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती है। हर साल इस दिन को नेशनल यूनिटी-डे या राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस साल सरदार वल्लभ भाई पटेल की 146वीं जयंती है। सरदार वल्लभ भाई पटेल ने 560 रियासतों को भारत संघ में एकीकृत करने में अहम भूमिका निभाई थी। राष्ट्र को एकजुट करने के लिए सरदार पटेल के किए प्रयासों को स्वीकार करने के लिए राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है।

राष्ट्रीय
एकता की दिशा में
उनके प्रयासों ने सरदार वल्लभ भाई पटेल को भारत के लौह पुरुष के रूप में संदर्भित किया है। वल्लभ भाई पटेल के योगदान का सम्मान करने के लिए हर साल 31 अक्टूबर को यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है जबकि केंद्र सरकार ने 2014 में 31 अक्टूबर को सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया था।

1939 में हरिपुरा कांग्रेस अधिवेशन में जब देशी रियासतों को भारत का अभिन्न अंग मानने का प्रस्ताव पारित कर दिया गया तभी से सरदार पटेल ने भारत के एकीकरण की दिशा में कार्य करना प्रारंभ कर दिया तथा अनेक देशी रियासतों में प्रजा मण्डल और अखिल भारतीय प्रजा मण्डल की स्थापना करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस तरह लौह पुरुष सरदार पटेल ने अत्यंत बुद्धिमानी और दृढ़ संकल्प का परिचय देते हुए वी पी मेनन और लार्ड माउंट बेटन की सलाह व सहयोग से अंग्रेजों की सारी कुटिल चालों पर पानी फेरकर नवंबर 1947 तक 565 देशी रियासतों में से 562 देशी रियासतों का भारत में शांतिपूर्ण विलय करवा लिया।

भारत की आजादी के बाद भी 18 सितंबर 1948 तक हैदराबाद अलग ही था लेकिन लौह पुरुष सरदार पटेल ने हैदराबाद के निजाम को पाठ पढ़ा दिया और भारतीय सेना ने हैदराबाद को भारत के साथ रहने का रास्ता खोल दिया।

भारत के 2/5  भाग क्षेत्रफल में बसी देशी रियासतों जहां तत्कालीन भारत के 42 करोड़ भारतीयों में से 10 करोड़ 80 लाख की आबादी निवास करती थीए उसे भारत का अभिन्न अंग बना देना कोई मामूली बात नहीं थी। इतिहासकार सरदार पटेल की तुलना बिस्मार्क से भी कई आगे करते है क्योंकि बिस्मार्क ने जर्मनी का एकीकरण ताकत के बल पर किया और सरदार पटेल ने ये विलक्षण कारनामा दृढ़ इच्छाशक्ति व साहस के बल पर कर दिखाया। उनके इस अद्वितीय योगदान के कारण 1991 में मरणोपरांत उन्हें भारत रत्न के सर्वोच्च सम्मान से अलंकृत किया गया।

संकल्प रंगमंडल शिमला के लिए यह गौरव का विषय है कि आज़ादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत ऐसी असामान्य विभूति की जयंती के अवसर पर इस कार्यक्रम से उनको नमन करने की प्रयास कर पा रही है स संकल्प रंगमंडल शिमला इस कार्यक्रम के लिए संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार और राष्ट्रीय संगीत नाटक अकादेमी नई दिल्ली का आभार व्यक्त करता है।

पात्र परिचय

रोहित कौशल, अश्वनी, माणिकान्त शर्मा, कमल चार्ली, आदियान काल्टा, आशीष कुमार, श्वेता चंदेल और श्रुति ने अपने अभिनय से मन मोहा। लेखन व निर्देशन सोहन कपूर, परिकल्पना केदार ठाकुर और प्रोडक्शन इंचार्ज नरेश कुमार मीन्चा थे।

समाजिक चेतना और जन सरोकारों से जुड़े हुए ब्लॉग मीडिया को मज़बूत करने के लिए आप आप अपनी इच्छा के मुताबिक आर्थिक सहयोग भी करें तांकि इस तरह का जन  मीडिया जारी रह सके।