Friday, December 20, 2019

यमुना का पानी बेचने के लिए हिमाचल और दिल्ली के बीच करार

दोनों ने किये हस्ताक्षर:हिमाचल को यमुना के पानी का तीसरा हिस्सा 
नई दिल्ली: 20 दिसंबर 2019: (देवभूमि स्क्रीन ब्यूरो)::
साभार तस्वीर 
हिमाचल प्रदेश के यमुना नदी के हिस्से का पानी दिल्ली सरकार को बेचने के सन्दर्भ में आज नई दिल्ली में दोनों राज्यों के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
समझौता ज्ञापन पर प्रदेश के सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के सचिव डाॅ. आर.एन. बत्ता और दिल्ली सरकार की प्रधान सचिव मनीषा सक्सेना ने हस्ताक्षर किए।
डाॅ. बत्ता ने बताया कि 1994 में दोनों राज्यों के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन के मुताबिक हिमाचल प्रदेश को यमुना के पानी का तीन प्रतिशत हिस्सा मिला है, लेकिन वर्ष 1994 से इस पर कोई दावा नहीं किया गया है। दिल्ली सरकार के आग्रह पर हिमाचल प्रदेश मंत्रिमण्डल ने हाल ही में यमुना के पानी का अपना हिस्सा दिल्ली को बेचने का निर्णय लिया था। इसके परिणामस्वरूप हिमाचल सरकार को सालाना 21 करोड़ रुपये प्राप्त होंगे।
उन्होंने कहा कि देश में यह पहली बार है कि दो राज्यों के बीच इस प्रकार का समझौता हुआ है।

Wednesday, December 18, 2019

शिमला के नव निर्वाचित महापौर व उप महापौर ने मुख्यमंत्री से की भेंट

शिमला देश में सबसे पुरानी नगरपालिकाओं में से एक
शिमला: 18 दिसंबर 2019: (देवभूमि स्क्रीन ब्यूरो)::
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने नगर निगम शिमला की नव निर्वाचित महापौर सत्या कौंडल और उप महापौर शैलेन्द्र चैहान को बधाई देते हुए कहा कि सभी पार्षदों को शिमला शहर के वैभव को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्धता व निष्ठाभाव से कार्य करना चाहिए।
महापौर व उप महापौर ने मुख्यमंत्री से आज उनके सरकारी आवास ओक ओवर में भेंट की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निगम शिमला देश में सबसे पुरानी नगरपालिकाओं में से एक है और इसका वैभवशाली इतिहास है। उन्होंने कहा कि शिमला शहर को साफ-सुथरा बनाए रखना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर को पाॅलीथीन मुक्त बनाने के लिए हर सम्भव प्रयास किए जाने चाहिए। शहर के विकास के लिए सभी पार्षदों को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने भी नव निर्वाचित महापौर व उप महापौर को बधाई दी।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, चीफ व्हिप नरेंद्र बरागटा, विधायक बलवीर वर्मा, नगर निगम के पार्षद व भाजपा के वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे।

Thursday, December 5, 2019

पुलिस आरक्षियों के एक हजार रिक्त पद भरे जाएंगेः मुख्यमंत्री


पुलिस कर्मियों को सेवानिवृत्ति से तीन माह पूर्व एक पदोन्नति
शिमला: 2 दिसंबर 2019: (देवभूमि स्क्रीन ब्यूरो//पीआरडी)::
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज रिज मैदान में हिमाचल प्रदेश पुलिस स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रदेश में शांतिपूर्ण तथा सुरक्षित वातावरण बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। प्रदेश पुलिस जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रही है तथा प्रदेश को अपनी मूल्यावान सेवाएं प्रदान कर रही है।

जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य है जिसने आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को लागू किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग को बेहतर प्रदर्शन तथा कुशल बनाने के लिए आधुनिक सूचना साधन उपलब्ध किए है। प्रदेश सरकार ने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से गुड़िया हेल्पलाइन 1515 और शक्ति बटन ऐप को आरम्भ किया है। उन्होंने पुलिस विभाग से प्रदेश में नशे से सम्बन्धित गतिविधियों पर निगरानी रखने कहा ताकि युवाओं को नशे से बचाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार निरंतर पुलिस विभाग को सुदृढ़ कर रही है। उन्होंने एक हजार पुलिस कर्मियों के रिक्त पद भरने करने की घोषणा की। उन्होंने पुलिस विभाग की मांग के अनुरूप सेवानिवृत्ति से तीन माह पूर्व पुलिस कर्मियों को एक पदोन्नति देने की भी घोषणा की। उन्होंने हिमाचल पुलिस की 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य पर सभी पुलिस कर्मियों को विशेष मेडल देने की घोषणा की।

इसके उपरान्त, मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर महिला पुलिस बल की टुकड़ी को मार्चपास्ट में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए पुरस्कृत किया तथा अन्य प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया।

पुलिस महानिदेशक एस.आर. मरड़ी ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री तथा अन्य उपस्थित गणमान्यों का स्वागत किया तथा पुलिस विभाग द्वारा प्रदेश में आयोजित की गई प्रमुख गतिविधियांे व कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर पुलिस जवानों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया।

शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, महापौर कुसुम सदरेट, हिमफेड के अध्यक्ष गणेश दत्त, मुख्य सचिव डाॅ. श्रीकांत बाल्दी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुंडू, हिमाचल प्रदेश पुलिस के पूर्व महानिदेशक आई.बी. नेगी और आर.आर. वर्मा, नागालैंड के पूर्व राज्यपाल एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक अश्वनी कुमार और पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।